विशेष प्रतिनिधि शिलचर 8 सितंबर: जम्मू-कश्मीर में आयोजित 15वीं राष्ट्रीय वोविनाम चैंपियनशिप में असम का प्रतिनिधित्व करते हुए कछार जिले के युवा खिलाड़ी सहस्र राय ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है।
जम्मू-कश्मीर के भगवती नगर स्थित इंडोर स्टेडियम में 4 से 6 सितंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सहस्र राय ने जूनियर बॉयज अंडर-17 वर्ग के 60 से 62 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में असम की ओर से सहस्र राय एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए थे।
सहस्र राय शिलचर के कुओ शू कुंग-फू मार्शल आर्ट्स अकादमी के प्रशिक्षु हैं। असम टीम के मैनेजर के रूप में संतोष राय ने जिम्मेदारी संभाली।
सहस्र की इस उपलब्धि पर उनके प्रशिक्षक मास्टर रामजय दास ने उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने सहस्र की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उसकी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। उन्होंने सहस्र को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत जारी रखते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
सहस्र राय की इस सफलता से कछार जिले के खेलप्रेमियों और उनके अकादमी परिवार में खुशी की लहर है।