विशिष्ट नागरिकों ने कहा—जनस्वीकृति के आधार पर हो योग्य उम्मीदवार का चयन
शिलचर, 8 सितंबर। शिलचर नगर निगम के प्रथम मेयर पद पर कौन आसीन होगा, इसे लेकर शहर के राजनीतिक एवं नागरिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। मेयर पद के संभावित दावेदारों को लेकर जहां राजनीतिक गतिविधियां बढ़ रही हैं, वहीं शहर के कई जागरूक एवं विशिष्ट नागरिकों ने इस पद के लिए वैज्ञानिक, गुप्त और निष्पक्ष जनमत सर्वेक्षण कराने की मांग उठाई है।
सोमवार को इन नागरिकों ने कहा कि सत्तारूढ़ दल के रूप में भाजपा नगर निगम चुनाव में मजबूत स्थिति में है, लेकिन मेयर पद के उम्मीदवार के चयन में केवल राजनीतिक समीकरणों के बजाय जनस्वीकृति और योग्यता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
विशिष्ट नागरिकों का कहना है कि आमतौर पर मेयर पद के उम्मीदवार का चयन पार्टी के आंतरिक समीकरण, गुटीय राजनीति और विभिन्न राजनीतिक लॉबियों के प्रभाव में होता है। ऐसे में कई बार योग्य, ईमानदार और लोकप्रिय व्यक्ति पीछे रह जाते हैं। यदि किसी अयोग्य व्यक्ति का चयन हो जाता है, तो उसका खामियाजा पूरे शहर के नागरिकों को भुगतना पड़ सकता है।
42 वार्डों से 3-4 हजार लोगों के बीच हो सर्वेक्षण
इसलिए उन्होंने सुझाव दिया है कि पार्षद पद के उम्मीदवारों की सूची जारी होने से पहले ही मतदाता सूची के आधार पर प्रतिनिधित्वात्मक तरीके से तीन से चार हजार लोगों के बीच जनमत सर्वेक्षण कराया जाए। यह सर्वेक्षण केवल राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं तक सीमित न हो, बल्कि सिलचर नगर निगम के सभी 42 वार्डों के विभिन्न वर्गों को इसमें शामिल किया जाए।
सर्वेक्षण में युवा एवं छात्र, शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता, बुद्धिजीवी, व्यवसायी एवं उद्यमी, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक तथा विभिन्न जातीय और भाषाई समुदायों के प्रतिनिधियों को शामिल करने का सुझाव दिया गया है।
विशिष्ट नागरिकों के अनुसार, ऑनलाइन माध्यम से गुप्त रूप से यह सर्वेक्षण कम समय में कराया जा सकता है। इसके लिए किसी विश्वसनीय और विशेषज्ञ एजेंसी को जिम्मेदारी दी जा सकती है।
सर्वेक्षण में पूछे जा सकते हैं प्रमुख सवाल
जनमत सर्वेक्षण में कुछ महत्वपूर्ण सवाल शामिल किए जा सकते हैं, जैसे—
- आप किस प्रकार का मेयर चाहते हैं?
- मेयर के लिए शैक्षणिक योग्यता और प्रशासनिक दक्षता को कितना महत्व दिया जाना चाहिए?
- ईमानदारी, पारदर्शिता और जनता से संवाद की क्षमता में से किन गुणों को आप अधिक महत्वपूर्ण मानते हैं?
- नगर विकास और शहरी समस्याओं की समझ मेयर के लिए कितनी आवश्यक है?
- चर्चा में चल रहे संभावित उम्मीदवारों में आप किसे मेयर के रूप में देखना चाहते हैं?
जनमत सर्वेक्षण से क्या होगा लाभ?
प्रस्ताव के समर्थकों का कहना है कि इस तरह के सर्वेक्षण से सबसे पहले शहर के लोगों की वास्तविक पसंद और प्राथमिकता सामने आएगी। इसके अलावा पार्टी को तथ्य और जनमत आधारित निर्णय लेने में मदद मिलेगी तथा गलत उम्मीदवार के चयन का जोखिम भी कम होगा। जनसमर्थन के आधार पर चुना गया मेयर भी अपने कार्यकाल की शुरुआत अधिक विश्वास और जनस्वीकृति के साथ कर सकेगा।
शहर की समस्याओं के लिए चाहिए सक्षम नेतृत्व
शिलचर शहर इस समय ड्रेनेज और जलजमाव, यातायात प्रबंधन, पेयजल, ठोस कचरा प्रबंधन, खेल मैदान एवं पार्कों के विकास तथा विभिन्न शहरी विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन जैसी अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। प्रस्तावित ड्रेनेज मास्टर प्लान, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पेयजल परियोजना, कचरे से संसाधन तैयार करने की योजना, खेल मैदान एवं पार्कों का विकास, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा फ्लाईओवर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए सक्षम और दूरदर्शी नेतृत्व की आवश्यकता है।
विशिष्ट नागरिकों का कहना है कि सिलचर को ऐसा मेयर चाहिए जो शिक्षित, ईमानदार, कर्मठ, प्रशासनिक रूप से सक्षम और दूरदर्शी हो तथा आम नागरिकों के साथ सीधे संवाद करने की क्षमता रखता हो।
उनका कहना है कि शिलचर के आम नागरिक भी चाहते हैं कि मेयर पद पर सबसे योग्य व्यक्ति पहुंचे। ऐसे में उस योग्य व्यक्ति की पहचान के लिए निष्पक्ष और वैज्ञानिक जनमत सर्वेक्षण कराना समय की मांग है। यह सर्वेक्षण आने वाले पांच वर्षों के लिए शिलचरवासी किस प्रकार का नेतृत्व चाहते हैं, इसका स्पष्ट संकेत दे सकता है।