परियोजनाओं की प्रगति को लेकर की प्रशासनिक समीक्षा बैठक
प्रीतम दास हाइलाकांदि, ३० जून: हाइलाकांदि जिले के अभिभावक मंत्री का दायित्व संभालने के बाद मंगलवार को मंत्री कौशिक राय पहली बार सरकारी दौरे पर जिले पहुंचे। उनके आगमन को लेकर जिले के राजनीतिक एवं प्रशासनिक हलकों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर हाइलाकांदि के विधायक डॉ. मिलन दास के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने एक पदयात्रा निकाली। यह पदयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर रवीन्द्र भवन पहुंची जहां इसका समापन हुआ।रवीन्द्र भवन में जिला भाजपा तथा पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों एवं मोर्चों की ओर से मंत्री कौशिक राय का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। उपस्थित नेताओं ने उन्हें पारंपरिक फुलाम गामोसा एवं स्मृति चिह्न भेंट कर शुभकामनाएं दीं।सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री कौशिक राय ने कहा कि हाइलाकांदि के समग्र विकास को राज्य सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क संपर्क, कृषि तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विकास कार्यों को और गति देने के लिए प्रशासन एवं आम जनता के बीच समन्वित सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक विकसित और समृद्ध हाइलाकांदि का निर्माण ही सरकार का प्रमुख उद्देश्य है।
इसके पश्चात संरक्षक मंत्री ने जिला आयुक्त कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में भाग लिया। बैठक में हाइलाकांदि के विधायक डॉ. मिलन दास, कटलिछड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक जुबेर अनाम मजूमदार, जिला भाजपा अध्यक्ष कल्याण गोस्वामी, नगर पालिका अध्यक्ष मानव चक्रवर्ती, नवनियुक्त जिला आयुक्त जय विकास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमिताभ सिन्हा तथा विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।बैठक के दौरान जिले में संचालित विकास परियोजनाओं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों तथा विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री ने संबंधित विभागों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने प्रशासन से आह्वान किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं त्वरित रूप से आम जनता तक पहुंचाने के लिए अधिक जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाए।