शिलचर। मालुग्राम स्थित 15 नंबर जय कुमार बालिका विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अपराजिता पाल चौधरी मंगलवार को अपने लंबे और गौरवपूर्ण शिक्षकीय जीवन की सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गईं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों तथा विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की ओर से उनके सम्मान में एक भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने अपराजिता पाल चौधरी की कर्तव्यनिष्ठा, कार्यकुशलता तथा विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनकी सेवाएं और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
अपने संबोधन में अपराजिता पाल चौधरी ने अपने शिक्षकीय जीवन की अनेक स्मृतियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनके सेवा जीवन की शुरुआत घुमड़ा जालालपुर 1022 लेबापुता एलपी स्कूल से हुई थी। उन्होंने कहा कि अपने लंबे कार्यकाल के दौरान सहकर्मियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों से जो स्नेह, सहयोग और सम्मान मिला, उसके लिए वे सभी की हृदय से आभारी हैं।
इस अवसर पर विद्यालय की नई प्रधानाध्यापिका के रूप में मेमतोम्बी सिंह ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष नाजली बेगम, शिक्षिकाएं गायत्री घोष, संगमित्रा पाल, करबी नाथ सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे।