कछार के नए जिलाधिकारी के रूप में राहुल कुमार गुप्ता ने संभाला कार्यभार

शिलचर, 30 जून। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2019 बैच के अधिकारी राहुल कुमार गुप्ता ने मंगलवार को कछार के नए जिलाधिकारी (डीसी) के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वे असम के दक्षिण सालमारा-मानकाचर जिले के जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

उन्होंने 2016 बैच के आईएएस अधिकारी आयुष गर्ग से कार्यभार ग्रहण किया। श्री गर्ग का पदोन्नति के उपरांत समग्र शिक्षा असम मिशन के प्रबंध निदेशक (मैनेजिंग डायरेक्टर) के पद पर स्थानांतरण किया गया है।

कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर कछार जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवागत जिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा जिले के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रारंभिक चर्चा भी की।

नवागत जिलाधिकारी के आगमन से कछार जिले में प्रशासनिक कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Comment