सरल स्वभाव के पुत्र को झूठे आरोप में फंसाकर मारपीट व प्रताड़ना का आरोप, मां ने दर्ज कराई प्राथमिकी

सरल स्वभाव के पुत्र को झूठे आरोप में फंसाकर मारपीट व प्रताड़ना का आरोप, मां ने दर्ज कराई प्राथमिकी

शिलचर, 29 अप्रैल : शिलचर शहर के उपनगर श्रीकोणा क्षेत्र में एक वृद्ध महिला ने अपने पुत्र को झूठे आरोप में फंसाकर मारपीट, धमकी और प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस घटना को लेकर इलाके में काफी चर्चा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीकोणा आईटीआई संलग्न क्षेत्र की निवासी असहाय वृद्धा मधुमिता दत्त ने मंगलवार को शिलचर सदर थाना में तीन व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। आरोपियों में राखाल खालपार द्वितीय खंड निवासी जहांगिर आलम अहमद (पिता – अब्दुल मजीद अहमद), बिजू दे (पिता – स्वर्गीय ननीगोपाल दे) तथा रजत कांति चौधुरी (पिता – रणबीर चौधुरी) शामिल हैं।

एफआईआर में मधुमिता दत्त ने आरोप लगाया है कि उक्त तीनों व्यक्ति सूदखोरी तथा विभिन्न असामाजिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं और लंबे समय से उनके पुत्र जयदीप दत्त से पैसे की मांग कर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उनका कहना है कि उनका पुत्र जयदीप नौकरी के सिलसिले में हाइलाकांदी में रहता है, जिसका फायदा उठाकर आरोपी उन्हें घर में अकेला पाकर लगातार धमकी देते रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी उनके घर पर कब्जा करने की नीयत से घर में तोड़फोड़ करने तथा उन्हें बेघर करने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही झूठे तरीके से 20 लाख रुपये की मांग कर लगातार जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। भय और असुरक्षा के कारण वह अपने घर में सामान्य रूप से रह भी नहीं पा रही हैं।

मधुमिता दत्त के अनुसार, मंगलवार को आरोपी कुछ कथित गुंडों को साथ लेकर हाइलाकांदी के अलगापुर क्षेत्र में उनके पुत्र जयदीप दत्त की तलाश में पहुंचे और उसके साथ मारपीट करने का प्रयास किया। जान बचाने के लिए जयदीप दत्त ने मोहनपुर पुलिस चौकी में शरण ली। बाद में वहां की पुलिस ने मामले को शिलचर सदर थाना भेज दिया।

पीड़िता ने अपने तथा अपने पुत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग पुलिस प्रशासन से की है।

Leave a Comment