आखिरकार ट्रेडिंग घोटाले का मास्टरमाइंड जयदीप गिरफ्तार

आखिरकार ट्रेडिंग घोटाले का मास्टरमाइंड जयदीप गिरफ्तार

शिलचर, 29 अप्रैल:
बराक घाटी में चर्चित ट्रेडिंग घोटाले मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के एक प्रमुख आरोपी जयदीप दत्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का घर श्रीकोणा प्रथम खंड क्षेत्र में बताया गया है। मंगलवार रात तारापुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
बुधवार को तारापुर टाउन आउट पोस्ट में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कछाड़ जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत कुमार पाल ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी जयदीप दत्त शिलचर थाना अंतर्गत श्रीकोणा प्रथम खंड का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, लगभग डेढ़ वर्ष पहले आरोपी ने शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का लालच देकर विभिन्न लोगों से करीब 37 लाख रुपये जुटाए थे। आरोप है कि उसने सुनियोजित तरीके से लोगों को निवेश के नाम पर ठगा।
वहीं, पीड़ितों का दावा है कि जयदीप दत्त के खिलाफ बराक घाटी के तीनों जिलों में करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप हैं। बताया जा रहा है कि पिछले डेढ़ वर्षों में उसने 15 से 20 करोड़ रुपये तक की राशि लोगों से लेकर हड़प ली। पैसे लेने के बाद से ही वह फरार चल रहा था।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि मामले की जांच लगातार जारी है और इस घोटाले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया गया।

Leave a Comment