शिलडुबी में शीतला माता के वार्षिक उत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

शिलडुबी में शीतला माता के वार्षिक उत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब

शिलचर, 29 अप्रैल : कछाड़ जिले के शिलडुबी क्षेत्र में मंगलवार को मां शीतला के वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। लगातार हो रही बारिश के बावजूद उत्सव में विभिन्न प्रांतों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में बदल दिया।

उत्सव के दौरान लगभग साढ़े तीन हजार श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया। सुबह से ही पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला जारी रहा। स्थानीय लोगों और आयोजन समिति के अनुसार वर्ष 2003 से प्रत्येक वर्ष 29 अप्रैल को यह वार्षिक उत्सव आयोजित किया जाता है और हर साल श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है।

समिति के प्रबंधन अधिकारी सोनू ग्वाला ने बताया कि मां शीतला की कृपा और ग्रामवासियों के सहयोग से यह आयोजन लगातार सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है। उन्होंने कहा कि रात 2 बजे से ही समिति के सदस्य और स्थानीय लोग कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गए थे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने बताया कि तेज बारिश के बावजूद भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जो मां शीतला के प्रति लोगों की अटूट आस्था को दर्शाती है। समिति ने भविष्य में इस वार्षिक उत्सव को और अधिक भव्य रूप से आयोजित करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

जानकारी के अनुसार बुधवार 30 अप्रैल को शिलडुबी स्थित काली माता मंदिर के समीप नदी में मां शीतला की प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

पूरे उत्सव में गांव के लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और श्रद्धालुओं ने मां शीतला से क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

Leave a Comment