श्री श्री लोकनाथ बाबा का 137वां तिरोधन दिवस 18-19 जून को, दो दिवसीय धार्मिक आयोजन की तैयारियां पूर्ण
उधारबंद, निहार कांति राय।
उधारबंद स्थित श्री श्री लोकनाथ बाबा सेवा समिति द्वारा प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ श्री श्री लोकनाथ बाबा का 137वां तिरोधन दिवस मनाया जाएगा। यह दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव आगामी 18 एवं 19 जून (मंगलवार एवं बुधवार) को जे.सी. गर्ल्स हाई स्कूल रोड स्थित बाबा के स्थायी मंदिर परिसर में आयोजित होगा।
समिति ने क्षेत्र के धर्मप्राण श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने तथा अपना सहयोग प्रदान करने की अपील की है।
आयोजन के प्रथम दिन 18 जून को प्रातः 6 बजे श्री श्री लोकनाथ बाबा की प्रतिकृति के साथ भव्य नगर परिक्रमा एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। सायं 6 बजे बाबा का शुभ अधिवास, महास्नान एवं अधिवास कीर्तन आयोजित किया जाएगा।
दूसरे दिन 19 जून को प्रातः 8 बजे घट स्थापना एवं पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। प्रातः 9 बजे बाल्य भोग, 10 बजे श्रीमद्भगवद्गीता पाठ, 11 बजे अंजलि अर्पण तथा 11:40 बजे मंगल दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। इसके पश्चात सायं 6:30 बजे आरती तथा रात्रि 7 बजे भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि तिरोधन दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है और सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।