शिलचर तेरापंथी सभा की वार्षिक आमसभा संपन्न, मूलचंद बैद निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित
शिलचर, 31 मई। श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, शिलचर की वार्षिक आमसभा रविवार को सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुआ। इसके पश्चात सभा गीत एवं श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन किया गया।
सभा की अध्यक्षता करते हुए निवर्तमान अध्यक्ष श्री नवरत्न चोपड़ा ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया तथा अपने कार्यकाल में संपादित प्रमुख गतिविधियों एवं उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने परम पूज्य गुरुदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए अपनी कार्यकारिणी टीम और सभी सहयोगियों का आभार प्रकट किया।
सभा के दौरान मंत्री ने संगठन की विभिन्न गतिविधियों पर आधारित मंत्री प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष ने आय-व्यय विवरण एवं वार्षिक बैलेंस शीट सदन के समक्ष रखी, जिसे सदस्यों ने अनुमोदित किया।
निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन चुनाव अधिकारी श्री जेठमल मरोटी ने किया। अध्यक्ष पद के लिए केवल एक नामांकन पत्र प्राप्त होने के कारण उन्होंने आगामी सत्र 2026-28 के लिए श्री मूलचंद बैद को निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री मूलचंद बैद ने अपने मंत्री के रूप में श्री प्रेमचंद छाजेड़ की नियुक्ति की। अपने संबोधन में उन्होंने संगठन की सेवा पूर्ण निष्ठा, समर्पण और पारदर्शिता के साथ करने का संकल्प व्यक्त किया तथा सभी सदस्यों से सहयोग एवं मार्गदर्शन का आह्वान किया। इसके पश्चात नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई।
अंत में श्री शांतिलाल डागा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। धन्यवाद प्रस्ताव के साथ सभा की कार्यवाही सफलतापूर्वक संपन्न हुई।