काछार जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 8 एवं 9 जून को
उधारबंद, निहार कांति रायः राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के तत्वावधान में आगामी 8 एवं 9 जून 2026 को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), कछार में जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
इस वर्ष प्रदर्शनी का मुख्य विषय “विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM)” निर्धारित किया गया है। प्रदर्शनी के अंतर्गत विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता के प्रदर्शन का अवसर प्रदान किया जाएगा।
प्रदर्शनी के प्रमुख उप-विषयों में सतत कृषि, अपशिष्ट प्रबंधन एवं प्लास्टिक के विकल्प, हरित ऊर्जा, उभरती प्रौद्योगिकियां, मनोरंजक गणितीय मॉडल, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा जल संरक्षण एवं प्रबंधन शामिल हैं।
डायट कछार के प्राचार्य ने एक विज्ञप्ति जारी कर जिले के विद्यालयों के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों से इस प्रदर्शनी में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की भावना तथा नवाचार की क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रदर्शनी से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक डायट कछार की आधिकारिक वेबसाइट तथा फेसबुक पेज का अवलोकन कर सकते हैं।