शिलचर, 26 जून। शहर में कथित अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कछार पुलिस ने गुरुवार रात क्लबह रोड स्थित इम्पीरियल कमर्शियल बिल्डिंग में संचालित दो स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी कर 26 युवतियों को हिरासत में लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ‘लवली स्पा’ और ‘लोटस स्पा’ नामक इन दोनों स्पा सेंटरों में मसाज सेवा की आड़ में कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियां और देह व्यापार संचालित किए जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। लगातार मिल रही शिकायतों तथा गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान दोनों स्पा सेंटरों से कुल 26 युवतियों को हिरासत में लिया गया। सभी से पूछताछ की जा रही है तथा इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
अभियान के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों के दस्तावेजों, लाइसेंस और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की भी जांच की। मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि शिलचर शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियां संचालित होने के आरोप पहले भी सामने आते रहे हैं। अतीत में शहर के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर क्लब रोड और आसपास के इलाकों में स्थित कई स्पा सेंटरों पर पुलिस ने छापेमारी की थी। कुछ मामलों में बाहरी राज्यों की कानून-प्रवर्तन एजेंसियों ने भी जांच की थी।
ताजा कार्रवाई के बाद माना जा रहा है कि शहर में अवैध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अपनी निगरानी और अभियान को और अधिक सख्ती से जारी रखेगी। इस कार्रवाई से शहर में व्यापक चर्चा और हलचल का माहौल है।