शिलचर, 26 जून (रानू दत्त): बरसात के दौरान शिलचर शहर को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने निर्माणाधीन जलनिकासी परियोजनाओं की प्रगति तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को राज्य के मंत्री कौशिक राय ने शहर के निर्माणाधीन सिंगिरखाल, रांगिरखाल और लंगाईखाल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ आवास एवं शहरी कार्य विभाग (DoHUA) की आयुक्त एवं सचिव कविता पद्मनाभन, पूर्व विधायक दीपायन चक्रवर्ती तथा शिलचर नगर पालिका के अधिकारी भी उपस्थित थे।
मंत्री ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि मानसून के दौरान शहरवासियों को जलभराव की समस्या से अधिकतम राहत मिले। इसके लिए सभी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सिंगिरखाल, रांगिरखाल और लंगाईखाल के निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद शिलचर की जलनिकासी व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।