शिलचर में ‘आवर्तनम’ और तीन दिवसीय भरतनाट्यम कार्यशाला का आयोजन करेगा नृत्य सुरभि

शिलचर, 26 जून (रानू दत्त)। सांस्कृतिक संस्था नृत्य सुरभि अपने स्थापना के 12वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर आगामी जुलाई माह में शिलचर में तीन दिवसीय भरतनाट्यम कार्यशाला तथा ‘आवर्तनम’ शीर्षक से एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन करने जा रही है।

शुक्रवार को शिलचर संगीत विद्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में संस्था की संस्थापक एवं प्रख्यात भरतनाट्यम नृत्यांगना जया चौहान ने बताया कि 8 से 10 जुलाई तक शिलचर संगीत विद्यालय एवं होटल एलोरा में कार्यशाला आयोजित होगी। विभिन्न आयु वर्ग और प्रशिक्षण स्तर के प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यशाला को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है।

उन्होंने कहा कि कार्यशाला में भरतनाट्यम की तकनीक, अभिनय (अभिनय-अभिव्यक्ति), मंच प्रस्तुति तथा शास्त्रीय परंपरा के विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञ कलाकारों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे प्रतिभागियों को अनुभवी गुरुओं से सीखने का उत्कृष्ट अवसर मिलेगा।

इसके उपरांत 11 जुलाई (शनिवार) को शाम 5:30 बजे शिलचर के बंग भवन में ‘आवर्तनम’ नामक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रख्यात भरतनाट्यम नृत्यांगना जया चौहान तथा लामडिंग के एन. के. प्रताप सरकार अपनी विशेष प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा बिनीता सिंह, शमीक चंद, शक्ति चक्रवर्ती, पंडित संजय प्रकाश दास, संदीप भट्टाचार्य सहित अनेक प्रतिष्ठित कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

जया चौहान ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में भरतनाट्यम के प्रति रुचि विकसित करना तथा भारत की समृद्ध शास्त्रीय नृत्य परंपरा के प्रति लोगों में जागरूकता और सम्मान बढ़ाना है। उन्होंने नृत्य प्रेमियों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों से कार्यशाला में भाग लेने और सांस्कृतिक संध्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

संस्था के भास्कर दास ने भी अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया। कार्यशाला में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 9401274579 पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। आवेदन पत्र शिलचर संगीत विद्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।

कार्यक्रमों के क्यूरेटर के रूप में अक्षिता नूनिया एवं सोनाली दास दायित्व निभाएंगी। पत्रकार सम्मेलन में सुदर्शना चक्रवर्ती, अक्षय नूनिया सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

Leave a Comment