एसजेएमए कामाख्या स्टील पर छापेमारी, 5 करोड़ रुपये से अधिक की कर चोरी का आरोप
शिलचर, 2 सितंबर। जीएसटी इंटेलिजेंस एंड एनफोर्समेंट यूनिट (जीआईटी) ने बुधवार को शिलचर में बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित कर चोरी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। टीम ने नेशनल हाईवे रोड स्थित साउथ प्वाइंट स्कूल के समीप शांतनाला भवन में संचालित मेसर्स एसजेएमए कामाख्या स्टील प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में अभियान चलाया।
बताया गया है कि कंपनी से जुड़े सुधीर रामसागर चौधरी और संजय जायसवाल स्क्रैप कारोबार से जुड़े हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, कारोबार में इस्तेमाल होने वाले स्क्रैप का बड़ा हिस्सा मणिपुर और मिजोरम से आता है।
प्रारंभिक जांच में 5 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के कथित फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। अधिकारियों के अनुसार, इस माध्यम से 5 करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी कर चोरी किए जाने का संदेह है। कार्रवाई के दौरान जांच दल ने प्रतिष्ठान से जुड़े विभिन्न व्यावसायिक एवं वित्तीय दस्तावेजों की गहन जांच की और महत्वपूर्ण अभिलेख जब्त किए।
जीएसटी इंटेलिजेंस एंड एनफोर्समेंट यूनिट की ओर से पिछले एक सप्ताह के दौरान बराक घाटी में यह छठी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि कर चोरी और फर्जी आईटीसी से जुड़े मामलों की जांच के क्रम में आने वाले दिनों में बराक घाटी के विभिन्न क्षेत्रों में और भी अभियान चलाए जा सकते हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ कर चोरी की वास्तविक राशि और मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में और जानकारी सामने आने की संभावना है।