नाथ समाज की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी : सांसद कणाद पुरकायस्थ

शिलचर, 1 सितंबर। नाथ योगी समाज देश की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और मानवसेवा की विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस गौरवशाली विरासत को संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी को आधुनिक शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता से जोड़ना हमारी जिम्मेदारी है। यह बात राज्यसभा सांसद कणाद पुरकायस्थ ने मंगलवार को शिलचर के तारापुर स्थित नाथ छात्रावास परिसर में आयोजित शिलान्यास समारोह में कही।

सांसद क्षेत्र विकास निधि से 25 लाख रुपये की लागत से पंडित राजमोहन नाथ कलाक्षेत्र के नए भवन का निर्माण किया जाएगा। सांसद कणाद पुरकायस्थ ने भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि नाथ योगी सम्मेलन समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

सांसद ने पंडित राजमोहन नाथ के साहित्य, संस्कृति और मानवसेवा में योगदान को याद करते हुए कहा कि शिक्षा समाज परिवर्तन का सबसे शक्तिशाली माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नया भवन शिक्षा के साथ समाज की एकता, संस्कृति और प्रगति का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में बड़खोला के विधायक किशोर नाथ भी उपस्थित रहे। उन्होंने पंडित राजमोहन नाथ के योगदान को स्मरण करते हुए कलाक्षेत्र के विकास के लिए आगामी दिनों में अपने विधायक निधि से 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।

वक्ताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पद्मश्री कबिंद्र पुरकायस्थ के नाथ समाज से रहे आत्मीय संबंधों को भी याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कछार योगी सम्मेलन के अध्यक्ष विजय नाथ ने की। संचालन दीपक नाथ ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन विप्लव कांति नाथ ने दिया। इस अवसर पर बीरेश चंद्र नाथ, ध्रुव ज्योति नाथ, तपन कांति नाथ, बीनापाणि नाथ, हिमाद्रि शेखर नाथ, शांति भूषण नाथ, लिटन नाथ, अरुण नाथ, विप्लव देवनाथ और सौमित्र नाथ सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment