शिलचर बार एसोसिएशन चुनाव संपन्न, दीपक कुमार देव बने अध्यक्ष और अमलाभ दास सचिव निर्वाचित
शिलचर, 12 जून (रानू दत्त): शिलचर बार एसोसिएशन के चुनाव की मतगणना संपन्न हो गई है। चुनाव परिणामों में वरिष्ठ अधिवक्ता दीपक कुमार देव अध्यक्ष तथा अमलाभ दास सचिव पद पर विजयी घोषित हुए। चुनाव में बार एसोसिएशन के सदस्य अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उपाध्यक्ष (महिला आरक्षित) पद पर तुहिना शर्मा निर्विरोध निर्वाचित हुईं, जबकि अन्य सभी पदों के लिए मतदान कराया गया।
अध्यक्ष पद के त्रिकोणीय मुकाबले में दीपक कुमार देव ने 317 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रेजामंद अली बड़ाभुइयां को 126 मत तथा सोमिता सोम को 196 मत मिले।
उपाध्यक्ष पद पर पंकजकांति दे ने 390 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी शुभाशीष चक्रवर्ती को 211 मत मिले।
सबसे अधिक प्रतिस्पर्धी सचिव पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में थे। इसमें अमलाभ दास 250 मत प्राप्त कर विजयी रहे। अन्य प्रत्याशियों में टिंकू वैद्य को 195 मत, अब्दुल हई लस्कर को 152 मत तथा सत्यजीत दे को 39 मत प्राप्त हुए।
संयुक्त सचिव पद पर अली रेजा उस्मानी 326 मतों के साथ विजयी हुए। उनके प्रतिद्वंद्वी अमियभूषण चौधुरी को 223 मत तथा मिनहाज हुसैन लस्कर को 32 मत मिले।
संयुक्त सचिव (महिला आरक्षित) पद पर पंचमी नाथ ने 414 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि सोमा दास को 201 मत मिले।
सहायक सचिव (सामान्य प्रशासन) पद पर देवदुलाल चौधुरी 379 मतों के साथ निर्वाचित हुए। उनके प्रतिद्वंद्वी राजदीप राय को 233 मत प्राप्त हुए।
सहायक सचिव (क्रीड़ा) पद पर रमेश सिंह ने 405 मत हासिल कर विजय प्राप्त की। इमदादुल हुसैन बड़ाभुइयां को 187 मत मिले।
वहीं, सहायक सचिव (सांस्कृतिक) पद पर दुर्गा पुरकायस्थ 345 मतों के साथ विजयी रहीं, जबकि झिमली पाल को 239 मत प्राप्त हुए।
उल्लेखनीय है कि इस बार किसी भी पद पर NOTA (नोटा) के पक्ष में एक भी मत नहीं पड़ा। शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुए चुनाव को लेकर अधिवक्ता समुदाय में संतोष का माहौल है। सदस्यों ने आशा व्यक्त की है कि नव-निर्वाचित पदाधिकारियों के नेतृत्व में शिलचर बार एसोसिएशन की गतिविधियां और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी होंगी।