शिलचर पुलिस की बड़ी सफलता: कबाड़ी दुकान की आड़ में चल रहा था चोरी की बाइकों को काटने का अड्डा, दो शातिर गिरफ्तार

शिलचर, 10 जुलाई।
शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शिलचर सदर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कबाड़ी दुकान पर छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही भारी मात्रा में चोरी की मोटरसाइकिलों के पुर्जे और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहाबुद्दीन लस्कर (55 वर्ष) एवं रहीम उद्दीन चौधरी (25 वर्ष), दोनों निवासी मधुरबंद, के रूप में हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह कबाड़ी दुकान केवल चोरी का सामान खरीदने-बेचने का ठिकाना नहीं थी, बल्कि यहां चोरी की गई मोटरसाइकिलों को लाकर उनके सभी पुर्जे अलग-अलग कर दिए जाते थे। इसके बाद इंजन, पहिए, टायर, सीट और अन्य पार्ट्स को अलग-अलग बाजार में बेच दिया जाता था, ताकि चोरी की गई बाइक की पहचान पूरी तरह मिटाई जा सके।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो पूरी मोटरसाइकिलें, कई मोटरसाइकिलों के पुर्जे, तीन कटिंग मशीनें, एक चार्जिंग मशीन, कई टायर तथा अन्य कीमती उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर अभियान चला रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में बाइक चोरी के इस नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

शहर में बढ़ती वाहन चोरी पर अंकुश लगाने की दिशा में शिलचर पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Comment