भुवनेश्वर प्रसाद मार्घेरिटा, 9 जुलाई (प्रे.भा. संवाददाता):
आगामी 5 सितंबर को आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर श्याम दिलाने समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार शाम मार्घेरिटा मारवाड़ी विवाह भवन परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मारवाड़ी विवाह भवन के अध्यक्ष एवं समाजसेवी मोती शर्मा ने की।
बैठक में समिति के पिछले चार वर्षों की गतिविधियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए समाजसेवी बिकाश अग्रवाल ने बताया कि श्याम दिलाने समिति पिछले चार वर्षों से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक आयोजित करती आ रही है। इस वर्ष भी कार्यक्रम को भव्य एवं आकर्षक रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में क्षेत्र के पांच वरिष्ठ एवं उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान के लिए शिक्षकों के चयन की जिम्मेदारी तीन सदस्यीय समिति को सौंपी गई है, जिसमें मोती शर्मा (अध्यक्ष, मारवाड़ी विवाह भवन), प्रो. बिनोद अग्रवाल (मार्घेरिटा कॉलेज) तथा भुनेश्वर प्रसाद (प्राचार्य, शिशु भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल एवं पत्रकार) शामिल हैं।
बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता शिव अग्रवाल, समाजसेवी नंदू मारदा, संतोष सगनेरिया, विजय पारिक, अरविंद जोशी, दिनेश अग्रवाल, सुनील बंसल सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।