शिलचर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। काछार जिला मुख्यालय शहर शिलचर नगर निगम के गठन के बाद पहली बार चुनाव होने जा रहा है। आज सुबह से ही मतदान कर्मी मतदान केंद्रों के लिए चुनाव सामग्री के साथ रवाना हुए। नगर पालिका से नगर निगम बनने के बाद शिलचर में पहली बार चुनाव होने जा रहा है।
शुक्रवार को पोलिंग कर्मचारी चुनाव का सामान लेकर अपने-अपने पोलिंग स्टेशनों के लिए रवाना हो गए। शिलचर नगर निगम में कुल मतदाताओं की संख्या 270772 है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए 316 मतदान केंद्र बनाए गये हैं। 42 वार्डों वाले नगर निगम के 40 वार्डों के लिए चुनाव होने जा रहा है। वहीं 2 वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गये हैं। मतदान सुबह 7.30 से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।
मतदान कर्मी इंटर-स्टेट बस टर्मिनस (आईएसबीटी) और इंटर-स्टेट ट्रक टर्मिनस (आईएसटीटी) से चुनाव का सामान लिया, जहां इन चुनावों के लिए स्ट्रॉन्ग रूम भी बनाए गए हैं। चुनाव के लिए कुल 1,212 पोलिंग कर्मचारियों को तैनात किया गया है, जिनमें 10 पूरी तरह से महिलाओं द्वारा संचालित पोलिंग स्टेशन भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पोलिंग स्टेशनों को संवेदनशील और अति-संवेदनशील श्रेणियों में बांटा गया है। अधिकारियों ने बताया कि अति-संवेदनशील पोलिंग स्टेशनों पर हथियारबंद पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि मतदाताओं को कोई परेशानी न हो, एक ‘क्विक रिस्पॉन्स टीम’ पूरे शहर में चौबीसों घंटे निगरानी रखेगी।
काछार के ज़िला मजिस्ट्रेट राहुल कुमार गुप्ता और सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस पार्थ प्रतिम दास ने मतदान से पहले तैयारियों के बारे में मीडिया को जानकारी दी।
शिलचर के निवासी शहर के पहले नगर निगम को चुनने के लिए शनिवार को वोट डालेंगे। मतों की गिनती 6 अक्टूबर को होगी।