हाइलाकांदी: मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में हाइलाकांदी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में पुलिस ने भारी मात्रा में याबा टैबलेट बरामद करने के साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद याबा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है।
गुरुवार रात हाइलाकांदी शहर से सटे बाउरघाट इलाके में अभियान चलाया गया। इस दौरान बहारुल आलम मजूमदार और हायद हुसैन लस्कर नामक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, बहारुल आलम मजूमदार बाउरघाट प्रथम खंड का निवासी है, जबकि दूसरा आरोपी हायद हुसैन लस्कर दक्षिण जष्णाबाद का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 10,000 याबा टैबलेट बरामद किए गए। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 816.09 ग्राम है। पुलिस के अनुमान के मुताबिक, बरामद याबा की बाजार कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है।
जिला पुलिस के एएसपी समीर दत्त बरुआ (बॉर्डर) के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान के बाद हाइलाकांदी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इस तस्करी के नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।