फाटक बाजार स्थित श्रीश्री लक्ष्मी माता मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, नई पीढ़ी के युवाओं ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
शिलचर, 26 अक्टूबर। शिलचर शहर के फाटक बाजार स्थित प्राचीन श्रीश्री लक्ष्मी माता मंदिर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी लक्ष्मी पूजा धूमधाम और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाई गई। पूजा के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। शहर के इस प्राचीन मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया।
रविवार की संध्या को विधिवत पूजा-अर्चना एवं पुष्पांजलि का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, सोमवार दोपहर को महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। सामाजिक दायित्व के निर्वहन की दिशा में पहल करते हुए जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्र भी वितरित किए गए।
इस वर्ष के आयोजन की विशेष उपलब्धि नई पीढ़ी के युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही। युवाओं ने पूजा के आयोजन एवं संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके उत्साहपूर्ण प्रयासों से परंपरागत धार्मिक आयोजन में युवा पीढ़ी की भागीदारी सुनिश्चित हुई, जो सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं के संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
पूजा आयोजन एवं इसकी विशेषताओं के संबंध में समिति के पदाधिकारी तथा विशिष्ट व्यवसायी संजय पाल, समिति के पदाधिकारी विजय कुमार सेन और पुरोहित स्वपन कुमार चक्रवर्ती ने विस्तार से जानकारी दी।
धार्मिक आस्था, सामाजिक सेवा और युवा पीढ़ी की सक्रिय सहभागिता के समन्वय से फाटक बाजार स्थित श्रीश्री लक्ष्मी माता मंदिर का इस वर्ष का लक्ष्मी पूजा उत्सव विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।