वृहत्तर न्यू शिलचर में सार्वजनिक शौचालय और रैन बसेरे की मांग

विशेष प्रतिनिधि शिलचर 26 अक्टूबर:

यातायात जाम के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं की कमी को लेकर वृहत्तर न्यू सिलचर में लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रंगिरखाड़ी से एनआईटी और सोनाई रोड के नागाटिला तक के विस्तृत क्षेत्र में कहीं भी सरकारी सार्वजनिक शौचालय या रैन बसेरे की व्यवस्था नहीं है।

स्थानीय निवासी विकास सिंह, विश्वजीत गोस्वामी और समाजसेवी सौम्यदीप भट्टाचार्य (दीपन) ने इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि इस व्यस्त मार्ग पर स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और बैंक स्थित होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। इसके बावजूद शौचालय की सुविधा नहीं होने से विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने सरकारी जमीन चिह्नित कर कम से कम दो सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण तथा दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों और जरूरतमंद लोगों के लिए एक सुरक्षित रैन बसेरा बनाने की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को लिखित आवेदन भी दिया गया है।

मांगकर्ताओं ने राज्य सरकार, नगर विकास विभाग और सिलचर नगर निगम से इस गंभीर समस्या पर ध्यान देकर शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

Leave a Comment