विजयादशमी पर समाजसेवी सुब्रत चंद ने शिलचर के विशिष्टजनों को किया सम्मानित

नवनिर्वाचित पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और प्रख्यात संगीतकार विधान लस्कर को उत्तरीय पहनाकर दी शुभकामनाएं

शिलचर, 26 अक्टूबर। विजयादशमी के पावन अवसर पर शिलचर के विशिष्ट समाजसेवी सुब्रत चंद ने शहर के कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों के आवास पर पहुंचकर उन्हें उत्तरीय पहनाकर सम्मानित किया और विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। इस पहल के माध्यम से उन्होंने जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा कला-संस्कृति से जुड़े व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान और सद्भाव व्यक्त किया।

इस अवसर पर सुब्रत चंद ने शिलचर नगर निगम के कई नवनिर्वाचित पार्षदों, सांसद परिमल शुक्लबैद्य, विधायकों, पुलिस प्रशासन के अधिकारियों तथा क्षेत्र के प्रख्यात संगीतकार विधान लस्कर को सम्मानित किया।

सुब्रत चंद ने आशा व्यक्त की कि नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों सहित सांसद, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी आने वाले दिनों में शिलचर के सर्वांगीण विकास के लिए और अधिक सक्रियता से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी स्तरों पर आपसी समन्वय और सहयोग से ही शहर की नागरिक सुविधाओं तथा आधारभूत संरचना का बेहतर विकास संभव है।

प्रख्यात संगीतकार विधान लस्कर को सम्मानित करते हुए सुब्रत चंद ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विधान लस्कर ने अपनी संगीत साधना और कला के माध्यम से इस क्षेत्र को देश के विभिन्न हिस्सों में पहचान दिलाई है। उन्हें सम्मानित करना क्षेत्र की कला-संस्कृति और उनके योगदान के प्रति आदर प्रकट करने का एक प्रयास है।

इस अवसर पर अनंत दास, रणजय दत्त चौधरी, सुमन देव राय, शंकर राय, नीलांजय देवनाथ, प्रसंजित राय, मनोज डे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

विजयादशमी के अवसर पर की गई इस पहल को सामाजिक सद्भाव, पारस्परिक सम्मान और सिलचर के विकास के लिए सामूहिक सहयोग का सकारात्मक संदेश माना जा रहा है।

Leave a Comment