विश्व हिंदू परिषद के परिषद शिक्षा वर्ग का भव्य समापन

अगरतला, 15 जुलाई: विश्व हिंदू परिषद दक्षिण पूर्व एवं त्रिपुरा प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित परिषद शिक्षा वर्ग का समापन समारोह पश्चिम त्रिपुरा जिले स्थित सेवा धाम प्रकल्प में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में परिषद पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री नरेश चंद्र देव वर्मा थे, जिन्हें हाल ही में कोकबोरोक भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति द्वारा पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया गया है। मुख्य वक्ता डॉ. दिनेश तिवारी, क्षेत्र संगठन मंत्री, विश्व हिंदू परिषद, गुवाहाटी क्षेत्र ने अपने संबोधन में संगठन, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता वर्ग प्रमुख आशीष सरकार ने की।

समारोह में त्रिपुरा सरकार के खेल एवं सामाजिक कल्याण मंत्री टिंकू राय, अनुसूचित जाति एवं मत्स्य पालन मंत्री सुधांशु दास, भाजपा त्रिपुरा प्रदेश अध्यक्ष एवं माताबारी विधायक अभिषेक देवराज, त्रिपुरा विधानसभा अध्यक्ष रामपद जमातिया सहित विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी तथा अनेक विशिष्ट नागरिक उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने परिषद शिक्षा वर्ग को युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक सेवा भावना को सुदृढ़ करने वाला महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम बताया। अंत में राष्ट्रगीत एवं आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का सफल समापन हुआ।

Leave a Comment