कोकराझार, 14 जुलाई 2026
नवोदय विद्यालय समिति, शिलांग क्षेत्र के तत्वावधान में पीएम श्री विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, कोकराझार में 53वीं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी (RBVP-2026) के अंतर्गत संकुल स्तरीय विज्ञान, गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रदर्शनी का विषय “विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के लिए STEM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित)” रखा गया। प्रदर्शनी में सतत कृषि, अपशिष्ट प्रबंधन एवं प्लास्टिक के विकल्प, हरित ऊर्जा, उभरती प्रौद्योगिकियाँ, गणितीय मॉडलिंग, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा जल संरक्षण एवं प्रबंधन जैसे विषयों पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए अभिनव मॉडल एवं परियोजनाओं का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर पूर्वोत्तर क्षेत्र के विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों से आए 60 छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों को अपने वैज्ञानिक विचारों के आदान-प्रदान तथा रचनात्मकता को अभिव्यक्त करने का प्रभावी मंच प्रदान किया।
कार्यक्रम में प्राचार्य श्री नुरुल आलम बरभुइया एवं उप-प्राचार्य डॉ. जीतेन्द्र प्रताप की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे तथा आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों, मार्गदर्शक शिक्षकों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए विज्ञान एवं नवाचार की भावना को निरंतर प्रोत्साहित करने का आह्वान किया गया। विद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।