विक्रमपुर में वासाक युवा संघ का ‘फिरा रथ मिलन महोत्सव’ धूमधाम से संपन्न

हजारों श्रद्धालुओं ने लिया भाग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

विक्रमपुर, 25 जुलाई। बरखला और काटीगोड़ा विधानसभा क्षेत्रों के मध्य स्थित विक्रमपुर में वासाक युवा संघ के तत्वावधान में शुक्रवार को ‘फिरा रथ मिलन महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। शाम पांच बजे से रात दस बजे तक चले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलमणि मिश्र द्वारा यजुर्वेदीय स्वस्तिवाचन पाठ तथा भगवान जगन्नाथ की आरती के साथ हुआ। इसके बाद मंच पर पंचदीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया गया। मैदान में प्रदर्शित पांच रथ श्रद्धालुओं और दर्शकों के विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में बुरुंगा गांव की एक युवती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मोहनपुर की प्रतिभागी दूसरे तथा टिकरबुरुंगा की प्रतिभागी तीसरे स्थान पर रहीं। विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं, उपस्थित अतिथियों का उत्तरीय पहनाकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में बुरुंगा स्टार सीमेंट के एचआर आनंद चतुर्वेदी, शिवम दास और देवाशीष मिश्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विक्रमपुर वासाक युवा संघ के अध्यक्ष बिजन कुमार सिन्हा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में रूपेश शर्मा, प्रणय कुमार सिन्हा, रविसाना सिन्हा, वासुदेव सिन्हा, समरजीत सिन्हा, पुतुल सिन्हा और मनीषा सिन्हा सहित कार्यकारिणी के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिरा रथ मिलन समिति के अध्यक्ष बिट्टू सिन्हा और सचिव सुजीत सिन्हा भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment