फेरा रथयात्रा के अवसर पर घुंघुर स्थित राधा-सुदर्शन ज्यू मंदिर में दिनभर हुए धार्मिक आयोजन

शिलचर, 25 जुलाई। शिलचर के घुंघुर स्थित राधा-सुदर्शन ज्यू मंदिर में शुक्रवार को फेरा रथयात्रा के अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विशेष पूजा-अर्चना, यज्ञ, भजन-कीर्तन और महाप्रसाद वितरण से पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

इसके बाद भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र को लेकर धार्मिक शोभायात्रा निकाली गई। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे और रथ की रस्सी खींचते हुए विभिन्न क्षेत्रों की परिक्रमा की। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्तों ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

शाम को रथ के मंदिर लौटने के बाद विशेष पूजा-अर्चना, आरती, भक्ति कार्यक्रम और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। हरिनाम संकीर्तन से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति और उत्साह के बीच फेरा रथयात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और भक्तों के प्रति घुंघुर राधा-सुदर्शन ज्यू मंदिर समिति के सदस्यों ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment