वार्ड नंबर 7 में भाजपा का चुनावी कार्यालय उद्घाटित, राधा रानी रविदास के समर्थन में प्रचार तेज

शिलचर, 20 सितंबर: आगामी शिलचर नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार शाम इटखला ई-एंड-डी बांध क्षेत्र में वार्ड नंबर 7 की भाजपा प्रत्याशी राधा रानी रविदास के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया गया।

कार्यालय का उद्घाटन मालूग्राम-रंगपुर मंडल अध्यक्ष पुलक दास ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष गीतन नाथ, मंडल सचिव मुन्नी दे, संचालन समिति के अध्यक्ष बप्पा दास, प्रभारी राहुल बाउरी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मंडल अध्यक्ष पुलक दास ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने और उनकी समस्याएं सुनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य नगर निगम चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को विजयी बनाकर बोर्ड का गठन करना है।

वार्ड नंबर 7 की प्रत्याशी राधा रानी रविदास ने कहा कि वह लगातार वार्ड के मतदाताओं से संपर्क कर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्वाचित होने पर वार्ड की समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम करेंगी।

कार्यक्रम में चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार दास, विश्वजीत साहा, अरुण विश्वास, शक्ति केंद्र के मनमोहन रविदास, हरिदास राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Comment