वंदे मातरम् के पूर्ण संस्करण का सामूहिक गायन, 400 विद्यार्थियों ने दी भावपूर्ण प्रस्तुति

शिलचर, 27 जून। केंद्र सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय के अधीन मेरा युवा भारत (माई भारत) कछार जिला प्रबंधन तथा स्वयंसेवी संस्था मनियारखाल वाणीशक्ति क्लब के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को मनियारखाल स्थित मुक्ति योद्धा राजमोहन ग्वाला आदर्श विद्यालय में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण संस्करण का सामूहिक संगीतमय प्रदर्शन आयोजित किया गया।

यह कार्यक्रम राष्ट्रीय गीत के रचयिता एवं प्रख्यात साहित्यकार बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। संस्कृति मंत्रालय द्वारा स्वीकृत वंदे मातरम् के पूर्ण संस्करण का विद्यालय के लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में भावपूर्ण गायन कर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अबुल काशिम, शिक्षक सुबीर मालाकारकैलाश हजाम तथा क्लब समन्वयक एवं पूर्व जीपी अध्यक्ष परेश तांती सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय मूल्यों, सांस्कृतिक विरासत और देशभक्ति की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

Leave a Comment