शिलचर, 27 जून। शिलचर के रंगपुर बाजार, सदरघाट स्थित श्री श्री शनि मंदिर का चौथा वार्षिक महोत्सव शुक्रवार और शनिवार को धार्मिक आस्था एवं भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री श्री शनि मंदिर संचालन समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय कार्यक्रम विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आयोजित किया गया।
मंदिर संचालन समिति के अध्यक्ष शिशिर रंजन देव, सचिव रंजीत दत्त, सह-अध्यक्ष अनाथ बंधु गोस्वामी, अपु दास तथा सागर धर ने बताया कि वार्षिक महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शनिदेव के श्रीचरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
शुक्रवार को अपराह्न 4 बजे अधिवास जलभरा कार्यक्रम से महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इसके बाद रात्रि में अधिवास पूजा संपन्न हुई। शनिवार को मुख्य धार्मिक कार्यक्रमों के तहत भोग एवं भोग आरती, महानवग्रह यज्ञ, गीता पाठ तथा आरती का आयोजन किया गया।
दोपहर 2 बजे से महाप्रसाद वितरण शुरू हुआ, जिसमें लगभग 8 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं शाम 7 बजे से शनिदेव की पंचाली, विशेष पूजा-अर्चना तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक उत्सव का आनंद लिया।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तों की भारी उपस्थिति से श्रद्धा और भक्ति के रंग में सराबोर रहा।