मादक पदार्थों के खिलाफ कछार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8,620 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद
शिलचर, 2 जून (रानू दत्ता): मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में कछार जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए दो अलग-अलग अभियानों में कुल 8,620 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया है। इस मामले में दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। बरामद कफ सिरप की अनुमानित बाजार कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उदारबंद थाना क्षेत्र के दुर्गानगर पंचम खंड (गुराली) स्थित एक गोदाम में छापेमारी के दौरान 1,420 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। इस संबंध में आजिजुल हक बड़भुइया (54) को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वहीं दूसरी ओर, शिलचर सदर थाना क्षेत्र के बिलपार इलाके में अभियान चलाकर AS-01-SC-5017 नंबर की एक गाड़ी से 7,200 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप जब्त किया गया। इस मामले में श्रीकोणा निवासी बिंदुला दास को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि बरामद कफ सिरप को अवैध रूप से तस्करी के उद्देश्य से संग्रहीत एवं परिवहन किया जा रहा था। मामले की जांच जारी है तथा इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
कछार पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।