कछार में मोबाइल आईसीटीसी वैन का शुभारंभ, अब दूरदराज और संवेदनशील क्षेत्रों तक पहुंचेगी एचआईवी जांच एवं परामर्श सेवा
शिलचर, 2 जून। कछार जिले में एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, शीघ्र पहचान और जागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला आयुक्त आयुष गर्ग (आईएएस) ने नई मोबाइल आईसीटीसी (इंटीग्रेटेड काउंसलिंग एंड टेस्टिंग सेंटर) वैन का उद्घाटन कर उसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर संयुक्त स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. सुमना नायडिंग, जिला स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह विशेष मोबाइल वैन जिले के विभिन्न संवेदनशील एवं उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों (हॉटस्पॉट) में नियमित रूप से पहुंचकर एचआईवी जांच, परामर्श (काउंसलिंग) तथा आउटरीच सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इसका मुख्य उद्देश्य उन लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जो किसी कारणवश नियमित स्वास्थ्य केंद्रों तक नहीं पहुंच पाते।
अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल आईसीटीसी वैन के माध्यम से जोखिमग्रस्त एवं वंचित समुदायों के बीच एचआईवी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच सुनिश्चित करने तथा आवश्यक चिकित्सा सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। वैन में त्वरित एचआईवी जांच, प्रारंभिक परामर्श और आवश्यकता पड़ने पर उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफरल की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि यह पहल कछार जिले में एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ समुदाय आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।