मणिपुर: छात्र संगठन ने 6 जुलाई से लापता छात्रों का पता लगाने की मांग की

इंफाल, 22 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर के छात्र संगठन ने मांग की है कि 6 जुलाई से लापता दोनों छात्रों का तुरंत पता लगाया जाए।

इंफाल पश्चिम जिला मुख्यालय स्थित टीजी हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र संघ की महासचिव मानसी सगोलसेम ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि छह जुलाई से दो छात्र क्रमश: हिजाम लुवांगबी चानू और फिजाम हेमनजीत लापता हैं। हिजाम लुवांगबी चानू टीजी हायर सेकेंडरी स्कूल का छात्र है और फ़िज़ाम हेमनजीत किंडरगार्टन मोंटेसरी स्कूल ताकेले में पढ़ता है। छात्र संघ की महासचिव मानसी सगोलसेम ने जल्द ही उनका पता लगाने की मांग की।

उन्होंने दोनों लापता छात्रों को खोजने के लिए एक निश्चित समय सीमा तय करते हुए कहा कि अगर 30 जुलाई तक दोनों छात्र नहीं मिले तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। छात्र संघ ने राज्य सरकार से लापता छात्रों का पता लगाने के लिए तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

छात्र संघ की महासचिव मानसी सगोलसेम ने मीडिया को बताया कि संबंधित थाने में गायब होने की प्राथमिकी दर्ज कराने के बावजूद छात्रों का पता लगाने को लेकर कोई प्रगति नहीं हुई है। लापता छात्रों के स्वास्थ्य को लेकर उनके परिवार चिंतित हैं। छात्र संघ ने बार-बार राज्य सरकार से इस घटना को गंभीरता से लेने और तुरंत हस्तक्षेप करने और उन्हें शीघ्र ढूंढने की मांग की है।

इस बीच एक पुलिस सूत्र ने दावा किया कि दोनों छात्रों को आखिरी बार 6 जुलाई की सुबह 8:15 बजे कीशमपोट इलाके में बाइक चलाते हुए देखा गया था। एक सीसीटीवी फुटेज में उन्हें आखिरी बार नंबोल इलाके में देखा गया था। पुलिस के मुताबिक हिजाम लुवांगबी चानू के मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन बिष्णुपुर जिले के क्वाक्टा में थी। इसके अलावा यह संदेह है कि फ़िज़म हेमनजीत द्वारा इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन हैंडसेट चुराचांदपुर जिले के इंगुरोक लमदान के जंगल की निगरानी करने वाले लिंगमीचोंग नामक व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि पुलिस दोनों छात्रों का पता लगाने की पुरजोर कोशिश कर रही है।

Leave a Comment