मंत्री कौशिक राय के घर दुर्गापूजा का उपहार लेने पहुंची चार वर्षीय बच्ची की सड़क दुर्घटना में मौत

लखीपुर, 16 अक्टूबर: दुर्गापूजा से पहले जरूरतमंद महिलाओं के बीच नए वस्त्र वितरित करने के दौरान लखीपुर में एक हृदयविदारक हादसा हो गया। मंत्री एवं लखीपुर के विधायक कौशिक राय के फूलरतल स्थित आवास पर पूजा का उपहार लेने पहुंची चार वर्षीय बच्ची की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह दुर्घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे मंत्री के आवास के मुख्य द्वार के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाबक जीपी के देवीपुर गांव निवासी राखुकुमार दास की पत्नी अपनी चार वर्षीय बेटी रितिका दास के साथ पूजा के नए कपड़े लेने मंत्री के आवास पर पहुंची थीं। आवास के बाहर अत्यधिक भीड़ होने के कारण मां-बेटी सड़क के दूसरी ओर स्थित एक दुकान के बरामदे में इंतजार कर रही थीं।

इसी दौरान किसी परिचित को देखकर छोटी रितिका अचानक बरामदे से दौड़ते हुए सड़क पर आ गई। तभी लखीपुर की ओर से आ रहे मिनी ट्रक (पंजीकरण संख्या AS 11 EC 4715) के पिछले पहिये के नीचे आ जाने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल सिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही लखीपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक को जब्त कर चालक मिथुन तांती (41) को गिरफ्तार कर लिया। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

दुर्गापूजा की खुशियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे से मृत बच्ची के परिवार सहित पूरे देवीपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। चार वर्षीय बच्ची की असमय मौत से इलाके के लोग स्तब्ध हैं। मंत्री कौशिक राय ने भी बच्ची की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

Leave a Comment