बॉलीवुड फिल्म में आवाज देकर शिलचर लौटे विशाल सोनार का हुआ भव्य स्वागत

शिलचर: बॉलीवुड की हिंदी फिल्म ‘महाकाव्य श्रीरामायण कथा’ में पार्श्वगायन और बैकग्राउंड म्यूजिक में अपनी आवाज देने वाले शिलचर के झालुपाड़ा निवासी युवा गायक विशाल सोनार शुक्रवार को शहर लौटने पर भव्य स्वागत से अभिभूत हो उठे। शिलचर रेलवे स्टेशन पर उनके परिजनों, मित्रों और समर्थकों ने गमछा एवं उत्तरीय पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान जयघोष के साथ उनका स्वागत किया गया।

फिल्म में उनकी आवाज में प्रस्तुत स्तोत्र ‘मंगल भवन अमंगल हारी’ पहले ही सराहना बटोर रहा है। अभिषेक सिंह के निर्देशन में बनी इस पौराणिक फिल्म में देव शर्मा ने भगवान राम और अंजलि अरोड़ा ने माता सीता की भूमिका निभाई है। फिल्म 25 सितंबर को रिलीज हुई थी।

करीब तीन वर्ष पहले मुंबई गए विशाल सोनार को यशराज स्टूडियो में जावेद अली, कैलाश खेर और शान जैसे प्रतिष्ठित गायकों के साथ एक ही प्रोजेक्ट में गीत रिकॉर्ड करने का अवसर मिला।

स्वागत समारोह से अभिभूत विशाल ने गोरखा समुदाय और बराक घाटी के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “आने वाले दिनों में भी संगीत के माध्यम से आपका प्यार हासिल करना चाहता हूं और बराक घाटी का नाम और अधिक रोशन करना चाहता हूं।”

स्थानीय लोगों का मानना है कि राष्ट्रीय स्तर पर संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बना रहे विशाल सोनार की यह उपलब्धि बराक घाटी के युवा कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

Leave a Comment