भोर में रहस्यमय तरीके से नाबालिग लड़की लापता

भोर में रहस्यमय तरीके से नाबालिग लड़की लापता
माता-पिता ने क्षेत्र के एक विवाहित युवक पर जताया संदेह
प्रेरणा ब्यूरो उधारबंद, 22 जनवरी: काछार जिले के उधारबंद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्कार्टपुर बागान इलाके से एक नाबालिग लड़की के रहस्यमय ढंग से लापता होने की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लापता लड़की की पहचान पिया रिकियासन के रूप में हुई है, जो स्कार्टपुर बागान निवासी हरिचरण रिकियासन की पुत्री है।
घटना को लेकर पीड़िता के माता-पिता ने उधारबंद थाने में गुमशुदगी की लिखित शिकायत (एफआईआर) दर्ज कराई है। आधार कार्ड के अनुसार पिया रिकियासन का जन्म वर्ष 2008 है और इस हिसाब से उसके 18 वर्ष पूरे होने में अभी लगभग तीन महीने शेष हैं।
परिजनों ने पत्रकारों को बताया कि सोमवार तड़के लगभग सुबह 5 बजे पिया नींद से उठकर शौच के लिए घर से बाहर गई थी, लेकिन उसके बाद से वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। परिवार और स्थानीय लोगों द्वारा आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
इस बीच, मामले को और संदिग्ध बनाते हुए उसी दिन तड़के करीब 4 बजे गांव के एक शिक्षक ने मेडिकल कॉलेज से घर लौटते समय स्कार्टपुर इलाके में उसी क्षेत्र के एक युवक को सड़क किनारे खड़ा देखा था। बताया जा रहा है कि उस दिन के बाद से वह युवक भी लापता है और उसका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है।
परिजनों का आरोप है कि जब वे उस युवक के घर पहुंचे तो उसकी पत्नी ने बताया कि वह बेंगलुरु गया हुआ है। हालांकि मोबाइल फोन बंद रहने और अचानक गायब होने से परिवार का संदेह और गहरा गया है। गौरतलब है कि संदिग्ध युवक विवाहित बताया जा रहा है।
पीड़िता के माता-पिता ने पुलिस प्रशासन से भावुक अपील करते हुए मांग की है कि नाबालिग बेटी को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की जाए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment