बिहारा तृतीय खंड में जर्जर सड़क से लोगों की बढ़ी परेशानी, शीघ्र मरम्मत की मांग

बिहारा तृतीय खंड में जर्जर सड़क से लोगों की बढ़ी परेशानी, शीघ्र मरम्मत की मांग

बड़खोला, 28 मई: बड़खोला समष्टि के अंतर्गत भुवनेश्वर नगर ग्राम पंचायत क्षेत्र के बिहाड़ा तृतीय खंड में रेलवे स्टेशन से जलाग्राम एसएन रोड तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण आम जनता को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, बिहाड़ा रेलवे स्टेशन से राजा दीघी होते हुए तजमूल अली के घर तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बड़े गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के कारण राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। वहीं तजमूल अली के घर से जलाग्राम तक ही केवल पक्की सड़क उपलब्ध है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के अधिकांश हिस्से में उचित जल निकासी व्यवस्था, पक्कीकरण तथा कलवर्ट की कमी के कारण बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। इस सड़क का उपयोग प्रतिदिन स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, रेलवे यात्री, बैंक कर्मचारी, पुलिस आउटपोस्ट के कर्मी तथा आसपास के कई गांवों के लोग करते हैं।

विशेष रूप से बस यात्रियों के चढ़ने-उतरने और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोग गंभीर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत एवं पक्कीकरण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

Leave a Comment