कछार जिले में अवैध रेस्टोरेंट और ढाबों पर तत्काल कार्रवाई की मांग

कछार जिले में अवैध रेस्टोरेंट और ढाबों पर तत्काल कार्रवाई की मांग

शिलचर, 28 मई : बराक वैली होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने कछार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहे अवैध एवं अनधिकृत पब, रेस्टोरेंट, राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे संचालित ढाबों तथा गैरकानूनी रूप से शराब परोसने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

बुधवार शाम शिलचर के एक निजी होटल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं होटल व्यवसायियों ने आरोप लगाया कि जिले में अनेक प्रतिष्ठान बिना वैध ट्रेड लाइसेंस, बार लाइसेंस, फूड सेफ्टी प्रमाणपत्र, फायर सेफ्टी अनुमति तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संचालन कर रहे हैं। इससे सरकार को जीएसटी, कर एवं एक्साइज ड्यूटी के रूप में भारी राजस्व हानि हो रही है।

एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि वैध रूप से संचालित होटल और बार संचालक शराब बिक्री पर 6 प्रतिशत वैट का भुगतान करते हैं, जबकि अवैध प्रतिष्ठान किसी प्रकार का कर अदा नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा इन प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित वेतन, स्वास्थ्य बीमा और अन्य कानूनी सुविधाओं से भी वंचित रखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि लाइसेंस, कर भुगतान तथा कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में वैध होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को भारी खर्च वहन करना पड़ता है। इसके बावजूद अवैध कारोबारियों के कारण उन्हें अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है, जिससे व्यवसायिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।

संवाददाता सम्मेलन में यह भी आरोप लगाया गया कि इन अवैध प्रतिष्ठानों के कारण सड़क पर मारपीट, दुर्घटनाएं, नशे में हिंसा और ईव-टीजिंग जैसी घटनाओं में वृद्धि हो रही है, जो जनसुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

एसोसिएशन ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों से मांग की कि अवैध रूप से संचालित इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ शीघ्र एवं उदाहरणात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी राजस्व की सुरक्षा और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

संवाददाता सम्मेलन में मुलचंद वैद, निलेश अग्रवाल, राहुल अमीन, विश्वजीत राय, बाबुल राय, चंद्रमोहन सिंह, जयनंदन दास, जयदीप दास, परिमल पुरकायस्थ, आशीष देवनाथ, भोलानाथ यादव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Comment