उधारबंद में बारिश के बीच अदा की गई ईद-उल-अजहा की नमाज, अमन-शांति की मांगी दुआ
प्रेरणा भारती, निहार कांति राय, उधारबंद।
गुरुवार को उधारबंद क्षेत्र में पवित्र ईद-उल-अजहा बड़े धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाई गई। इस पर्व का मुस्लिम समुदाय वर्षभर बेसब्री से इंतजार करता है। पिछले कई दिनों से ईद की तैयारियां चल रही थीं। ईदगाहों और मस्जिदों की साफ-सफाई कर रंग-रोगन किया गया था तथा प्रवेश द्वारों पर “ईद मुबारक” के स्वागत तोरण लगाए गए थे।
बुधवार शाम से ही उधारबंद के बाजारों में खरीददारों की भारी भीड़ देखी गई। गुरुवार सुबह से ही लोग ईद की खुशियों में डूब गए। विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास मेले भी लगे, जहां लोगों ने खरीदारी का आनंद लिया।
सुबह मौसम उमस भरा था, लेकिन बारिश नहीं हुई। हालांकि, नमाज से ठीक पहले तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे उत्सव का माहौल कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ। इसके बावजूद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बारिश की परवाह किए बिना बड़ी संख्या में ईद की नमाज अदा की।
सुबह सात बजे से ही विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। उधारबंद पूर्व ईदगाह मैदान में कारी नजरुल इस्लाम ने ईद की नमाज पढ़ाई, जहां बारिश के बावजूद सुबह आठ बजे करीब 1200 लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की। नमाज के बाद खुतबा पढ़ा गया और विश्व शांति एवं मानव कल्याण के लिए दुआ मांगी गई।
इस अवसर पर कारी नजरुल इस्लाम ने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग और कुर्बानी का पर्व है। उन्होंने अपील की कि कुर्बानी इस प्रकार दी जाए जिससे अन्य धर्मों के लोगों की भावनाएं आहत न हों। साथ ही कुर्बानी के बाद बचे अवशेषों को निर्धारित स्थान पर ही निस्तारित करने का आग्रह किया। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे बाइक और स्कूटी तेज रफ्तार एवं लापरवाही से न चलाएं।
ईदगाह प्रबंधन समिति के सचिव अबुल हुसैन बड़भुइयां ने कहा कि ईद खुशियों और भाईचारे का पर्व है तथा समाज में शांति और सौहार्द बना रहना चाहिए।
इसके अलावा पश्चिम ईदगाह मैदान में सुबह साढ़े सात बजे मौलाना ताज उद्दीन मजार भुइयां ने करीब 700 लोगों को नमाज पढ़ाई। उधारबंद इस्लामिया मदरसा में कारी लोकमान अली की अगुवाई में 250 लोगों ने नमाज अदा की। उधारबंद बाजार मस्जिद में मौलाना हबीबुर रहमान के नेतृत्व में लगभग 1000 नमाजियों ने नमाज पढ़ी। रोजा मस्जिद में सैयद साकिर अहमद की इमामत में 900 लोग शामिल हुए। वहीं साईबाग मस्जिद में मौलाना अब्दुल मतीन बड़भुइयां की अगुवाई में 150 लोगों ने नमाज अदा की। पानग्राम पुरानी जामा मस्जिद में मौलाना अली हुसैन तथा लाठीग्राम जामा मस्जिद में मौलाना रहीम उद्दीन ने ईद की नमाज पढ़ाई।
ईद के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। उधारबंद थाना प्रभारी एस.एस. तिमुंग के नेतृत्व में विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया था।
इधर, उधारबंद के विधायक राजदीप गोवाला ने क्षेत्रवासियों को पवित्र ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व त्याग, मानवता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने धार्मिक सहिष्णुता और आपसी सद्भाव बनाए रखने के लिए मुस्लिम समुदाय की सराहना की।