शिलचर, 9 जुलाई। बराक चाय श्रमिक यूनियन के कार्यालय में गुरुवार को यूनियन के पूर्व जनरल सेक्रेटरी एवं असम सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय जगन्नाथ सिंह की 39वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की शुरुआत सहायक महासचिव बाबुल नारायण कानू के संबोधन से हुई। उन्होंने स्व. जगन्नाथ सिंह के सामाजिक, राजनीतिक एवं व्यक्तिगत जीवन के प्रेरणादायक पक्षों पर प्रकाश डालते हुए उनके श्रमिक हितों के प्रति समर्पण को याद किया।
यूनियन के सलाहकार डॉ. संतोष रंजन चक्रवर्ती ने स्व. सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से चर्चा की। सहायक महासचिव सुरेश बोडाइक तथा सचिव दुर्गेश कुर्मी ने उनके सामाजिक योगदान, दूरदर्शी नेतृत्व और श्रमिक आंदोलन में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण किया।
यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजीत सिंह ने अपने संबोधन में स्व. जगन्नाथ सिंह के साथ बिताए गए व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए उनके आदर्शों और सादगीपूर्ण जीवन को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम के समापन पर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति एवं सद्गति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर सुमंत देव, गिरिजा मोहन ग्वाला, सुबचन ग्वाला, पीयूष कांति नाथ, बासंती चक्रवर्ती, उषा सिंह, नंदकिशोर तिवारी, मधुमिता पटोआ, सुभाष भक्ति, प्रताप कुर्मी, जीसु देव, विजय बाउरी, रूपा सिंह, मीता बाउरी सहित यूनियन के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।