11 जुलाई को शिलचर में हाईकोर्ट बेंच आंदोलन के विजन डॉक्यूमेंट, डॉक्यूमेंट्री और थीम सॉन्ग का होगा लोकार्पण

बराक घाटी में गुवाहाटी हाईकोर्ट की स्थायी बेंच स्थापित करने की मांग को जनआंदोलन का व्यापक स्वरूप देने के उद्देश्य से हाईकोर्ट बेंच डिमांड इम्प्लीमेंटेशन कमेटी, काछार जिला समिति के तत्वावधान में 11 जुलाई (शनिवार) शाम 6:30 बजे शिलचर के इलोरा हेरिटेज में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर आंदोलन का विजन डॉक्यूमेंटडॉक्यूमेंट्री फिल्म तथा थीम सॉन्ग का औपचारिक लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनआईटी शिलचर के निदेशक प्रो. दिलीप कुमार वैद्य तथा गुरुचरण विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. निरंजन राय उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा। सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ अधिवक्ता, चिकित्सक, शिक्षाविद, समाजसेवी, कला एवं संस्कृति से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्व तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गणमान्य नागरिक शामिल हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के सदस्यों द्वारा सामूहिक उद्घाटन गीत से होगी। इसके बाद नीलांजन पाल रवीन्द्र संगीत प्रस्तुत करेंगे। रूपम सांस्कृतिक संस्था सामूहिक गीत प्रस्तुत करेगी, जबकि समापन सांस्कृतिक प्रस्तुति में निक्कन के कलाकार मनमोहक समूह नृत्य प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ होगा।

कमेटी ने बराक घाटी में हाईकोर्ट की स्थायी बेंच की स्थापना के इस ऐतिहासिक आंदोलन के समर्थन में शिलचर शहर तथा पूरे बराक क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक, खेल एवं स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों, शिक्षाविदों, छात्र-युवा वर्ग तथा आम जनता से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन के प्रति एकजुटता व्यक्त करने की अपील की है।

यह जानकारी हाईकोर्ट बेंच डिमांड इम्प्लीमेंटेशन कमेटी के महासचिव निखिल पाल ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

Leave a Comment