बदरपुर जंक्शन पर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ युवक गिरफ्तार

बदरपुर जंक्शन पर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ युवक गिरफ्तार

बदरपुर, संवाददाता, 06 फरवरी।
बदरपुर रेलवे जंक्शन पर सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। यह अभियान बीती रात करीब 12 बजकर 12 मिनट पर अंजाम दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 147 बटालियन सीआरपीएफ की इंटेलिजेंस सेल से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर क्विक एक्शन टीम (QAT) और जीआरपीएस स्टाफ ने संयुक्त रूप से ट्रेन संख्या 15625 अगरतला साप्ताहिक एक्सप्रेस में तलाशी अभियान चलाया। ट्रेन के बदरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर–1 पर पहुंचते ही कार्रवाई शुरू की गई।

तलाशी के दौरान एक युवक का व्यवहार संदिग्ध पाए जाने पर उसे रोका गया। गहन जांच में उसके पास से तीन टिन के बक्सों में रखी कुल 436 बोतल कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडिन हाइड्रोक्लोराइड (एस्काफ) कफ सिरप बरामद की गई। प्रत्येक बोतल की मात्रा 100 मिलीलीटर बताई गई है।

गिरफ्तार युवक की पहचान सानवीर आलम (21) के रूप में हुई है। वह बिहार राज्य के मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना अंतर्गत इस्लामपुर गांव का निवासी है। उसके पिता का नाम मो. जहमत बताया गया है। वर्तमान में वह माजेरहाट क्षेत्र के वार्ड नंबर–15 में रह रहा था।

एनडीपीएस एक्ट के तहत सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए बरामद कफ सिरप को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार युवक के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा शुरू कर दी गई है।

Leave a Comment