पिता की रहस्यमयी मौत का सच सामने आए, बेटी मीनाक्षी की भावुक अपील

वरिष्ठ पत्रकार मलिन शर्मा की सातवीं पुण्यतिथि पर शिलचर प्रेस क्लब में श्रद्धांजलि, न्याय की मांग फिर हुई तेज

शिलचर, 29 जुलाई। वरिष्ठ फोटो एवं वीडियो पत्रकार मलिन शर्मा की सातवीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को शिलचर प्रेस क्लब तथा “केआरसी फाउंडेशन मीडिया वेलफेयर ग्रुप” के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में एक बार फिर उनकी रहस्यमयी मृत्यु की निष्पक्ष जांच कर परिवार को न्याय दिलाने की मांग जोरदार ढंग से उठाई गई।

श्रद्धांजलि सभा में मलिन शर्मा की पुत्री मीनाक्षी शर्मा ने भावुक स्वर में कहा कि पिता की मृत्यु को सात वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक उनकी मौत का रहस्य नहीं सुलझ सका। उन्होंने प्रशासन से इस मामले की सच्चाई सामने लाने की अपील करते हुए कहा कि जब उनके पिता की दर्दनाक मृत्यु हुई थी, तब वह सातवीं कक्षा की छात्रा थीं। आज वह गुरूचरण विश्वविद्यालय में स्नातक तृतीय सेमेस्टर की छात्रा हैं, लेकिन परिवार आज भी अनेक कठिनाइयों और संघर्षों के बीच जीवन व्यतीत कर रहा है।

शिलचर प्रेस क्लब के महासचिव शंकर डे ने कहा कि तारापुर पुलिस चौकी के समीप एक तेज रफ्तार वाहन ने लोकप्रिय पत्रकार मलिन शर्मा को कुचल दिया था, लेकिन सात वर्ष बाद भी पुलिस न तो वाहन की पहचान कर सकी और न ही मामले का निष्कर्ष निकाल सकी। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध होने के बावजूद जांच का परिणाम सामने नहीं आना पुलिस की गंभीर विफलता है। उन्होंने प्रशासन से मामले की पुनः गंभीरता से जांच कर दोषियों को कानून के कटघरे में लाने की मांग की।

वरिष्ठ पत्रकार चयन भट्टाचार्य ने कहा कि मलिन शर्मा एक अत्यंत जिम्मेदार और अनुभवी वीडियो पत्रकार थे। उनका असामयिक निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है और उनकी स्मृतियां सदैव जीवित रहेंगी।

‘आश्वास एनजीओ’ की अध्यक्ष अरुंधती गुप्ता ने कहा कि मलिन शर्मा हर सामाजिक कार्यक्रम में अपनी सक्रिय उपस्थिति और पेशेवर प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते थे। अधिवक्ता एवं समाजसेवी तुहिना विश्वास शर्मा ने कहा कि वे सभी के लिए एक भरोसेमंद पत्रकार थे और उनकी कमी आज भी गहराई से महसूस होती है।

अधिवक्ता आकांक्षा सिंह ने मीनाक्षी शर्मा की शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए समाज के सक्षम लोगों से सहयोग की अपील की। वहीं अधिवक्ता सुप्रतिम दास ने मामले के विभिन्न कानूनी पहलुओं पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में मलिन शर्मा की पत्नी सीमा शर्मा तथा उनकी सास सावित्री चक्रवर्ती सहित अनेक पत्रकार, अधिवक्ता और समाजसेवी उपस्थित थे।

इस अवसर पर मीनाक्षी शर्मा को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। सहयोग देने वालों में वरिष्ठ पत्रकार एवं ‘द मिजोरम पोस्ट’ के संपादक विभूतिभूषण गोस्वामी, “केआरसी फाउंडेशन मीडिया वेलफेयर ग्रुप” के प्रमुख एवं पत्रकार विश्वदीप गुप्ता तथा अधिवक्ता तुहिना विश्वास शर्मा शामिल थे। साथ ही समाज के अन्य लोगों से भी परिवार की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।

Leave a Comment