प्रे. स. लखीमपुर: नारी शक्ति, देशभक्ति और अदम्य साहस का संदेश लेकर देशभर की साइकिल यात्रा पर निकलीं मध्य प्रदेश की प्रसिद्ध साइकिलिस्ट आशा मालवीय शनिवार को लखीमपुर पहुंचीं। लखीमपुर प्रेस क्लब ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान आशा मालवीय ने स्थानीय पत्रकारों से मुलाकात कर अपनी यात्रा के अनुभव साझा किए।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की खिलचीपुर तहसील के नटाराम गांव की निवासी आशा मालवीय राष्ट्रीय स्तर की एथलीट, पर्वतारोही और साइकिलिस्ट हैं। अब तक वह 65 हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी साइकिल से तय कर चुकी हैं। उन्होंने अपनी वर्तमान यात्रा 11 जनवरी को भारतीय सेना दिवस के अवसर पर जयपुर से शुरू की थी।
आशा मालवीय ने बताया कि उनकी यात्रा का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, साहसी और सशक्त बनने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि यदि एक महिला अकेले पूरे भारत का भ्रमण कर सकती है, तो देश की अन्य महिलाएं भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे आ सकती हैं।
लखीमपुर पहुंचने तक आशा मालवीय 7,970 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर चुकी हैं। असम उनकी इस यात्रा का दसवां राज्य है। उन्होंने असम में महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए राज्य सरकार और असम की जनता का धन्यवाद व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि उनकी यह ऐतिहासिक साइकिल यात्रा अरुणाचल प्रदेश के किबिथू में जाकर समाप्त होगी। आशा मालवीय की यह यात्रा देशभर में नारी शक्ति, देशभक्ति और अदम्य साहस का प्रेरणादायक संदेश दे रही है।