पतंजलि योगपीठ के तत्वावधान में मार्घेरिटा में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

मार्घेरिटा, 21 जून (प्रे. भा. संवाददाता): 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को मार्घेरिटा स्थित मारवाड़ी विवाह भवन परिसर में पतंजलि योगपीठ के तत्वावधान में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुरुषों, महिलाओं तथा बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया।

इस अवसर पर योग प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताया। प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योग कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मार्घेरिटा शिशु भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी विशेष योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

उल्लेखनीय है कि योग की वैश्विक लोकप्रियता और मानव स्वास्थ्य में इसकी महत्ता को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 11 दिसंबर 2014 को प्रस्ताव संख्या 69/131 पारित कर प्रत्येक वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। तब से विश्वभर में यह दिवस बड़े उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया जाता है।

Leave a Comment