देश के विख्यात आविष्कारक एवं पद्मश्री सम्मानित वैज्ञानिक डॉ. उद्धव भराली रविवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा गहपुर के कोलाबारी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर उस समय हुआ, जब वे अपने निजी वाहन से लखीमपुर से गुवाहाटी जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय वाहन स्वयं डॉ. भराली चला रहे थे।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा घायल डॉ. भराली को एम्बुलेंस की सहायता से लखीमपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
डॉ. उद्धव भराली अपने आविष्कारों और ग्रामीण तकनीकी नवाचारों के लिए देशभर में प्रसिद्ध हैं। उनके दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से वैज्ञानिक, शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्रों में चिंता का माहौल है। विभिन्न संगठनों और शुभचिंतकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।