नवोदय विद्यालय धुबड़ी में हुई हिंदी उत्सव की शुरुआत

हिंदी दुनिया की बेहद खूबसूरत भाषाओं में से एक है। विविध शोधों से ज्ञात हुआ है कि दुनिया में बोलने वालों की संख्या के आधार पर हिंदी तीसरे स्थान पर आती है। यह भाषा न केवल सरल व सहज है बल्कि सर्वाधिक वैज्ञानिक व प्रभावशाली भाषा भी है। भारतीय संविधान निर्माताओं ने 14 सितंबर 1949 के दिन हिंदी को ‘राजभाषा’ का दर्जा प्रदान किया था। सरकारी काम-काज में हिंदी को बढ़ावा देने और इसके प्रचार-प्रसार के उद्देश्य भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग के निर्देशानुसार विविध सरकारी कार्यालयों/संस्थाओं में प्रतिवर्ष सितंबर महीने में ‘हिंदी पखवाड़ा’ का आयोजन धूमधाम से किया जाता रहा है। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी जवाहर नवोदय विद्यालय धुबड़ी में 14 सितम्बर को ‘हिंदी दिवस’ के साथ ‘हिंदी पखवाड़ा’ का शुभारंभ किया गया। विद्यालय की 12वीं कक्षा की छात्रा अनिशा इवानाथ ने नवोदय विद्यालय समिति के आयुक्त श्रीमान विनायक गर्ग के द्वारा हिंदी दिवस के शुभ अवसर पर  सभी नवोदयन के नाम प्रेषित संदेश पढ़कर सुनाया। इस  कार्य्रकम के संयोजक डॉ जीतेंद्र प्रताप ने बताया कि हिंदी उत्सव (पखवाड़ा) का आयोजन 14 सितम्बर से 29 सितम्बर के मध्य किया जाना सुनिश्चित है। उद्घाटन समारोह में विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ उमेश कुमार यादव  समेत सभी शिक्षकगण व छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए विद्यालय के शिक्षक व कार्यक्रम के संयोजक डॉ. जीतेंद्र प्रताप ने कहा कि “हिंदी जन-जन की भाषा है। आज यह न केवल भारत में बल्कि पूरे विश्व में अपने वर्चस्व को बढ़ा रही है।” उन्होंने आगे बताया कि इस 15 दिवसीय हिंदी उत्सव के दौरान हिंदी विभाग द्वारा कविता रचना, काव्य-पाठ, निबंध रचना, गीत गायन, सुलेख, भाषण आदि विविध प्रतियोगिताओं के आयोजन की योजना है। उनके अनुसार इन सभी प्रतियोगिताओं में समस्त छात्र-छात्राओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा हिंदी के प्रति अपनी निष्ठा व प्रेम प्रदर्शित करने की अपेक्षा है। पुरस्कार वितरण कार्यक्रम 29 सितम्बर को होगा।

Leave a Comment