प्रे.स. शिलचर, 30 जुलाई: शिलचर के तारापुर शिवबाड़ी क्षेत्र में नदी कटाव रोकने का कार्य बंद होने से स्थानीय लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण लगभग सभी गलियों के प्रवेश मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जिससे सामान्य आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस तक इलाके में प्रवेश नहीं कर पा रही है। वहीं, ई-रिक्शा और अन्य तीन पहिया वाहनों का आवागमन भी लगभग असंभव हो गया है, जिससे मरीजों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि लंबे समय से सड़क की भूमि पर अतिक्रमण होता रहा है। कई लोगों ने निजी स्वार्थ में सड़क के हिस्से पर कब्जा कर लिया है, जबकि कुछ मकानों की सीढ़ियां भी सड़क पर बना दी गई हैं। इससे पहले से संकरी सड़कें और अधिक संकरी हो गई हैं तथा लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय नागरिकों ने राज्य सरकार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) तथा जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए शिवबाड़ी क्षेत्र से श्री दुर्गाचरणी तक कम से कम सात मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण अथवा मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कर आवागमन के लिए खोलने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे वर्षों पुरानी यातायात समस्या का स्थायी समाधान होगा और आपातकालीन सेवाएं भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर प्रशासन ने समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे।