विशेष प्रतिनिधि गुवाहाटी, 6 जुलाई।
असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने सोमवार शाम राज्य के सभी जिलों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर जापानी इंसेफेलाइटिस (JE), JE जैसे लक्षण वाले मामलों, क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन अभियान तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने सभी जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा संबंधित एजेंसियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जापानी इंसेफेलाइटिस की रोकथाम के लिए मंत्री ने रोग की शीघ्र पहचान, बुखार से पीड़ित मरीजों की नियमित निगरानी, मच्छरदानियों के उपयोग को बढ़ावा देने, निजी अस्पतालों के साथ सूचना एवं उपचार समन्वय मजबूत करने, मच्छर नियंत्रण हेतु नियमित फॉगिंग अभियान चलाने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिलों को रोगियों की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार तथा सरकारी सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत टीबी मरीजों को पोषण सहायता समय पर उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चिकित्सा महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी सुझाव लिए गए।
बैठक में सभी जिलों के उपायुक्त, स्वायत्त परिषदों के मुख्य सचिव, अतिरिक्त जिला आयुक्त, संयुक्त स्वास्थ्य सेवा निदेशक, चिकित्सा महाविद्यालयों के प्राचार्य तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त-सचिव डॉ. पी. अशोक बाबू, अतिरिक्त सचिव मुनीन्द्र नाथ ङाटे, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) असम के मिशन निदेशक डॉ. लक्ष्मणन एस., चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. मनोज कुमार चौधरी, एनएचएम असम के कार्यकारी निदेशक डॉ. अभिजीत शर्मा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के अंत में स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने सभी जिलों को जापानी इंसेफेलाइटिस नियंत्रण, टीबी उन्मूलन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा राज्य सरकार की सभी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।